मंदसौर, 26 मई ।
मंदसौर में शिक्षा के अधिकार योजना के तहत स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज पालकों और छोटे बच्चों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। तेज गर्मी और करीब 40 डिग्री तापमान के बीच मासूम बच्चे अपने माता-पिता के साथ छाता लेकर धरने में शामिल होते नजर आए।
मामला सेंट थॉमस स्कूल में नर्सरी प्रवेश से जुड़ा है। पालकों का आरोप है कि आरटीई योजना के अंतर्गत ऑनलाइन लॉटरी में बच्चों का चयन होने के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने प्रवेश देने से इनकार कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए उनके बच्चों का चयन ऑनलाइन प्रक्रिया में हुआ था और 15 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का संदेश भी मिला था, लेकिन स्कूल पहुंचने पर प्रवेश देने से मना कर दिया गया। बाद में आवंटन निरस्त होने का संदेश भी भेज दिया गया।
पालकों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर कलेक्टर कार्यालय, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 तक शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी मुलाकात की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकल सका।
मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान तहसीलदार, एसडीएम और अपर कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पालक अपनी मांग पर डटे रहे।
बाद में कलेक्टर ने जिला पंचायत सदस्य और कुछ पालकों को चर्चा के लिए बुलाया। करीब आधे घंटे चली बातचीत के बाद बताया गया कि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
जानकारी दी गई कि अब आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को ऑफलाइन माध्यम से पूरा कराने की तैयारी की जा रही है। कुछ स्कूलों की सूची पर भी चर्चा हुई और समाधान के लिए करीब 10 दिन का समय मांगा गया। पालकों को आश्वस्त किया गया कि संबंधित स्कूलों में बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश दिलाया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद दोपहर करीब पौने दो बजे धरना समाप्त कर दिया गया।













