इंदौर, 26 मई ।
इंदौर में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सड़क और ब्रिज निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वर्षा के समय कहीं भी जलभराव या यातायात बाधित होने जैसी स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से आवश्यक और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण, ट्रैफिक पुलिस, स्मार्ट सिटी, नगर निगम और प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर वर्मा ने सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी है, लेकिन नियमों का कड़ाई से पालन और लगातार कार्रवाई भी उतनी ही आवश्यक है।
बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा से जुड़े जरूरी काम तय समय में पूरे करने के निर्देश दिए गए।
खंडवा रोड, उज्जैन रोड और मुंबई-आगरा रोड पर चल रहे सड़क व ब्रिज निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बारिश शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरे करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि यदि किसी कारण से काम समय पर पूरा नहीं होता है, तो सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जून माह में प्रस्तावित ब्रिक्स देशों के सम्मेलन को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।














