इंदौर, 26 मई ।
इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनकर सामने आई। विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की बातों को कलेक्टर शिवम वर्मा ने गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन की जनहितकारी कार्यशैली से संतुष्ट हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण परिषद के सदस्यों ने कलेक्टर का सम्मान कर प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हित में लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।
एक प्रकरण में राजेश वेद अपनी बेटी काव्या वेद के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। आर्थिक तंगी के कारण बेटी की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की, जिससे बच्ची की शिक्षा जारी रखने का रास्ता साफ हुआ।
इसी तरह मीना बाई को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। सहायता मिलने पर उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
एक अन्य मामले में विजय फांसे ने टीबी के इलाज में आर्थिक परेशानी की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उपचार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़े 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार संबंधी प्रकरण प्रमुख रहे। कलेक्टर ने सभी मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत और प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। त्वरित सहायता और समाधान से आमजन में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।














