भोपाल, 26 मई ।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि के लिए निर्धारित लक्ष्य राशि की सफल पूर्ति करने पर राज्यपाल ने भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मंगलवार को यह सम्मान औपचारिक रूप से जिला प्रशासन को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के अधिकारियों ने इसे पूर्व सैनिकों, वीरनारियों और उनके आश्रितों के प्रति समाज की संवेदनशीलता और सहयोग का प्रतीक बताया। साथ ही निधि में योगदान देने वाले नागरिकों, संस्थाओं और अधिकारियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
इसी क्रम में सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि एकत्रित करने पर सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि को जिलेवासियों की राष्ट्र के प्रति निष्ठा और पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के प्रति जिले की संवेदनशीलता, सहयोग और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि सेना के तीनों अंग देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के समय भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पालन में बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने बताया कि झंडा दिवस निधि का उपयोग शहीद सैनिकों की विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और अन्य भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिए किया जाता है। इस निधि में योगदान सैनिकों और देशवासियों के बीच विश्वास और एकजुटता की भावना को मजबूत करता है।




.jpg)









