ग्वालियर, 26 मई ।
ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे सिविल अस्पताल हजीरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता और रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इससे पहले सोमवार मध्य रात्रि करीब 12:45 बजे ऊर्जा मंत्री बहोड़ापुर स्थित कुशवाह मोहल्ला पहुंचे, जहां उन्होंने सीवर सफाई अभियान के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद संत कृपाल आश्रम से कोटेश्वर रोड तक चल रहे नाला सफाई कार्यों की स्थिति भी देखी।
उन्होंने आगामी बरसात को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए और अधिकारियों से कहा कि सफाई कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रात्रि भ्रमण के दौरान ऊर्जा मंत्री विनय नगर में आयोजित जन चौपाल में भी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों को सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।




.jpg)









