श्रीनगर, 25 मई।
डोडा जिले के गंदोह ब्लॉक में भार्गी से कुनान सड़क निर्माण के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। सरकार ने इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता और तकनीकी सचिव इंजीनियर पुरुषोत्तम कुमार को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो सड़क पर बनी 6 मीटर लंबी पुलिया के निर्माण से संबंधित तथ्यों का बारीकी से अध्ययन करेंगे।
सरकार ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपें। विभागीय जांच पूरी होने तक सरकार ने दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की गाज पीएमजीएसवाई डिवीजन ठाठरी, सब डिवीजन गंदोह के प्रभारी सहायक कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार और जूनियर इंजीनियर इम्तियाज अहमद शाह पर गिरी है।
निलंबन काल के दौरान इन दोनों अधिकारियों को मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई जम्मू कार्यालय से संबद्ध किया गया है, जहां वे नियमानुसार निलंबन भत्ते के पात्र होंगे। लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल कुमार सिंह ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














