रायबरेली, 27 मई।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार रायबरेली एम्स में चल रहा है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास हुई। गंगा एक्सप्रेसवे पर नोएडा से जौनपुर जा रही एक स्कॉर्पियो ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर पहले प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां जांच के दौरान समृद्धि (11), सरोज (35) और संगीता (22) को मृत घोषित किया गया। समर्थ (4), नीरज सिंह (45), प्रतिमा सिंह (35), गुरुचरण सिंह (48) और सविता सिंह (40) गंभीर रूप से घायल पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सलोन के कोतवाल ने बताया कि सभी लोग नोएडा से जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र स्थित सीलमपुर गांव में पारिवारिक रामायण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और पांच लोग घायल हो गए।















