भोपाल, 18 जून।
राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की छुरी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गोलू कुशवाह लंबे समय से फरार था और वह शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र का स्थायी वारंटी भी बताया जा रहा है। उसे ओल्ड सुभाष नगर क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक 15 जून की रात करीब एक बजे बाग दिलकुशा निवासी बल्लू उर्फ तुलसीराम विश्वकर्मा के घर आरोपी पहुंचा था। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
विरोध करने पर आरोपी ने गद्दे के नीचे रखी छुरी निकालकर पीड़ित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन और कान पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ओल्ड सुभाष नगर में देखा गया है। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे ओल्ड सुभाष नगर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छुरी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















