अशोकनगर, 27 मई ।
अशोकनगर में लोक परिवहन बसों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। बुधवार को हुई कार्रवाई में नियमों की अनदेखी करने वाले 40 बस चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, यातायात नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को पुलिस ने पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
राजमाता चौराहे पर यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा और जिला परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से बसों की जांच की। अभियान के दौरान बसों में सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर यान अधिनियम के तहत 40 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान एक स्कूल बस को भी रोका गया, जिसमें गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि बस निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों और यात्रियों से भरी हुई थी। साथ ही बस में अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार बॉक्स जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधाएं भी मौजूद नहीं थीं।
पुलिस ने मौके पर ही स्कूल बस को जब्त कर कोतवाली थाना परिसर में खड़ा कराया। बस संचालक के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग ने बसों में सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की। इसमें फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, अवैध अतिरिक्त सीटें, वाहन पंजीयन, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और बीमा दस्तावेज शामिल रहे।
इसके अलावा चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बैज की भी जांच की गई। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, तय गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन संचालन और रात के समय सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर व लाइट व्यवस्था को भी जांच के दायरे में रखा गया। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














