ब्यूनस आयर्स, 29 मई।
आगामी फीफा विश्व कप 2026 के लिए गत चैंपियन अर्जेंटीना ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने विश्व कप के लिए 26 सदस्यीय मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी सुपरस्टार लियोनेल मेसी के हाथों में सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में शुरू होने जा रहा है।
विश्व कप से पहले अपनी लय को बरकरार रखने के लिए अर्जेंटीना 6 जून को होंडुरास और 9 जून को आइसलैंड के खिलाफ मैत्री मैच खेलेगा। इन मुकाबलों के बाद टीम कैनसस सिटी स्थित अपने बेस कैंप में डेरा डालेगी। अर्जेंटीना को ग्रुप जे में रखा गया है। टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद उसे ऑस्ट्रिया और जॉर्डन जैसी टीमों का सामना करना होगा।
अर्जेंटीना की टीम में गोलकीपर के रूप में एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रूली और जुआन मुसो को चुना गया है। रक्षा पंक्ति की जिम्मेदारी लिएंड्रो बालेरदी, निकोलस टैग्लियाफिको, गोंजालो मोंटियल, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फाकुंडो मेडिना और नाहुएल मोलिना संभालेंगे। मिडफील्ड में लिएंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वैलेंटिन बार्को, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सेक्विएल पालासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और एंजो फर्नांडेज जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। फॉरवर्ड लाइन में लियोनेल मेसी के साथ जूलियन अल्वारेज, निकोलस गोंजालेज, थियागो अल्माडा, गिउलियानो सिमेओने, निको पाज और लाउतारो मार्टिनेज को मौका मिला है।











