लखनऊ, 29 मई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री और 'भारत रत्न' चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने विधान भवन परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने चौधरी चरण सिंह को भारत मां का महान सपूत और किसानों का सच्चा मसीहा करार दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 23 दिसंबर 1902 को जन्में चौधरी चरण सिंह देश के स्वाधीनता संग्राम के सक्रिय योद्धा थे। उन्होंने कृषि और राजस्व के क्षेत्र में जो क्रांतिकारी सुधार किए, उनका श्रेय आज भी उन्हें जाता है। मुख्यमंत्री ने चौधरी साहब के उस विचार को रेखांकित किया, जिसमें उनका मानना था कि भारत के विकास का वास्तविक मार्ग गांव, खेत और खलिहानों से होकर ही गुजरता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का स्पष्ट मत था कि किसान विकास के एजेंडे का केंद्र बिंदु होना चाहिए। उनकी नीतियों ने शासन की योजनाओं को किसानों के प्रति संवेदनशील बनाया। देशहित में उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि 29 मई 1987 को चौधरी चरण सिंह का निधन हुआ था। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।















