नई दिल्ली, 03 सितंबर।
दिल्ली के लोकायुक्त न्यायमूर्ति हरीश चंद्र मिश्रा का गुरुवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न्याय और प्रशासनिक जगत में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत दिल्ली सरकार के कई मंत्रियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
न्यायमूर्ति हरीश चंद्र मिश्रा ने 23 मार्च 2022 को दिल्ली के लोकायुक्त के रूप में शपथ ग्रहण की थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनके परिवार और शुभचिंतकों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि न्यायमूर्ति हरीश चंद्र मिश्रा का निधन न्याय और जनसेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य व संबल देने की प्रार्थना की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने भी उनके निधन के समाचार को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने न्यायमूर्ति मिश्रा के निधन को न्याय जगत और समाज के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि न्याय और जनहित के प्रति उनका समर्पण तथा योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।















