वाराणसी, 30 मई ।
वाराणसी जनपद के चौबेपुर क्षेत्र में सामाजिक संस्था ‘आशा ट्रस्ट’ की ओर से किशोरियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए गए 100 दिवसीय सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को किया गया, जिसमें कुल 34 प्रशिक्षित छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामपुर (गाजीपुर) स्थित शांति निकेतन विद्यालय की प्रधानाचार्या आरती सिंह उपस्थित रहीं, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों के लिए विभिन्न कौशलों में दक्षता प्राप्त करना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और आर्थिक सशक्तिकरण संभव होता है।
उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का और अधिक विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
संस्था के समन्वयक वल्लभाचार्य पांडे ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन समाज में वास्तविक समानता स्थापित करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई और ब्यूटीशियन कौशल के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में शामिल प्रशिक्षु अंजली राजभर, कंचन यादव, आँचल, रिया, दीपा, काजल और कविता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा प्रदान की है। कार्यक्रम का संचालन स्नेहा सोनकर द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रिया यादव ने प्रस्तुत किया।











