वॉशिंगटन, 05 सितंबर।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने सऊदी अरब को करीब पांच अरब डॉलर के हथियार और सैन्य उपकरणों की बिक्री को मंजूरी दे दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि प्रस्तावित सौदे से सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी और उसे क्षेत्रीय खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने में मदद मिलेगी।
अमेरिकी विदेश विभाग के हवाले से जिओ न्यूज ने बताया कि इस प्रस्तावित बिक्री में बम, गाइडेंस किट और अन्य सैन्य उपकरण शामिल हैं। विभाग के अनुसार, इस सौदे से सऊदी अरब की घरेलू सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही अमेरिकी सेना और खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों की सैन्य प्रणालियों के साथ उसकी समन्वय क्षमता भी बेहतर होगी।
अमेरिका ने इसके अलावा सऊदी अरब को करीब 75 करोड़ डॉलर के एजीटी-1500 इंजन बेचने की अनुमति भी दी है। इस सौदे में अमेरिकी कंपनी हनीवेल मुख्य ठेकेदार की भूमिका निभाएगी।
विदेश विभाग ने सऊदी अरब को अमेरिका का प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी बताते हुए कहा कि उसकी सुरक्षा क्षमता को मजबूत करना अमेरिकी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के अनुरूप है।
यह मंजूरी ऐसे समय दी गई है, जब मध्य पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के बाद ईरानी सेना और यमन के हूथी विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब को ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा है। वाशिंगटन का मानना है कि प्रस्तावित हथियार बिक्री रियाद को मौजूदा और भविष्य के क्षेत्रीय सुरक्षा खतरों से निपटने में मदद करेगी।















