प्रशासनिक खबरें
30 May, 2026

गोविंदपुरा की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, 9 घंटे बाद काबू

भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर नौ घंटे बाद काबू पाया गया, घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

भोपाल, 30 मई ।

राजधानी के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लकड़ी, केमिकल और थिनर जैसे ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, हालांकि सुबह तक परिसर से धुआं उठता रहा। शुरुआती अनुमान में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।

जानकारी के मुताबिक सेक्टर-7डी स्थित शुभम एंटरप्राइजेस में रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में प्लाईवुड, दरवाजे और ब्लैकबोर्ड तैयार किए जाते हैं। परिसर में बड़ी मात्रा में लकड़ी और रसायन रखे होने के कारण आग तेजी से फैली और पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के करीब दो घंटे बाद रात ढाई बजे नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। तब तक हालात गंभीर हो चुके थे और आग आसपास की औद्योगिक इकाइयों के लिए भी खतरा बनने लगी थी। सूचना मिलते ही शहर के अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।

आग को पड़ोसी फैक्ट्रियों तक पहुंचने से रोकने के लिए दमकल टीम ने विशेष रणनीति अपनाई। कई हिस्सों में भवन के स्ट्रक्चर तोड़कर फायर ब्रेक तैयार किए गए और कनेक्टिंग पॉइंट्स पर लगातार पानी का छिड़काव किया गया। इसी वजह से आग को अन्य इकाइयों तक फैलने से रोका जा सका।

राहत अभियान में गांधीनगर, गोविंदपुरा, कोलार, बैरागढ़, फतेहगढ़, आईएसबीटी और कबाड़खाना फायर स्टेशनों से दमकल वाहन और पानी के टैंकर बुलाए गए। 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात आग बुझाने में जुटे रहे।

घटनास्थल पर फायर अधिकारी सौरभ पटेल, फायर फाइटर पंकज यादव और सहायक प्रभारी विजय त्रिपाठी सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कर भला तो हो भला वाली कहावत याद रखें। किसी को हानी पंहुचाने की चेष्टा न करें अन्यथा हानि संभव है। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। इच्छित कार्य सफल होंगे। शुभांक-5-6-8

आज का मौसम

भोपाल

27° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़