मीरजापुर, 01 जून।
बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सर्व समाज के साथ मैदान में उतरेगी और ब्राह्मण समाज के समर्थन तथा दलित समाज के मजबूत सहयोग के बल पर बड़ी सफलता हासिल करेगी।
रविवार शाम विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिविधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। मंदिर में बड़े श्रृंगारिया शिवजी मिश्र और रत्न मोहन मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन सम्पन्न कराया।
दर्शन-पूजन के बाद बातचीत में सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम से उनका पारिवारिक और आध्यात्मिक जुड़ाव लंबे समय से रहा है और यहां आकर उन्हें हमेशा मानसिक शांति तथा नई ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
राजनीतिक विषयों पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जनसंपर्क अभियान को गति देकर जनता के मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाने का कार्य कर रही है तथा सर्वसमाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है।
इस दौरान मंदिर में मौजूद बड़े श्रृंगारिया शिवजी मिश्र ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्रदान किया। दर्शन-पूजन के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।












