राजगढ़, 11 जून।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया मंडल क्षेत्र में केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत गुरुवार को जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और सांसद रोडमल नागर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम में दोनों जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, जनधन योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचा है, जिससे समाज के बड़े वर्ग को राहत मिली है।
राज्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास की गति धीमी थी, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता और तेज निर्णय क्षमता के साथ देश को नई दिशा दी है। उन्होंने डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और वंदे भारत जैसी पहलों को नए भारत की पहचान बताया।
सांसद रोडमल नागर ने कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति, रक्षा क्षमता, तकनीकी विकास और भारतीय संस्कृति के प्रति बढ़ते सम्मान ने देश के गौरव को बढ़ाया है।
कार्यक्रम में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।










