नई दिल्ली, 11 जून।
भारत ने अपने पड़ोसी देश मालदीव को जन स्वास्थ्य सहायता के तहत खसरा (मीजल्स) के टीके की 20 हजार खुराक और लगभग 3 टन चिकित्सा सामग्री भेजी है। यह सहायता बढ़ते संक्रमण मामलों से निपटने और टीकाकरण कवरेज को मजबूत करने के उद्देश्य से दी गई है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह समय पर भेजी गई सहायता मालदीव में खसरे के मामलों को नियंत्रित करने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी। भारत ने इसे अपनी ‘पड़ोसी प्रथम नीति’ और ‘विजन महासागर’ के तहत एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मंत्रालय के अनुसार, भारत एक विश्वसनीय प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता प्रदाता के रूप में क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर जन स्वास्थ्य सुरक्षा और साझा विकास प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सहायता से दोनों देशों के बीच सहयोग और मानवीय साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।









