अपराध
01 Jun, 2026

चोरी गिरोह पर ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94 लाख की संपत्ति बरामद

ग्वालियर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरी गिरोह के दो और सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अब तक करीब 94 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद कर ली है।

ग्वालियर, 01 जून ।

ग्वालियर पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण और एक कार जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपितों से 200 ग्राम सोने का टुकड़ा, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12 किलो 500 ग्राम चांदी तथा एक आई-20 कार बरामद की गई है। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 87 लाख रुपये बताया गया है।

इस मामले में पुलिस पहले ही एक विधि विरुद्ध बालक, गिरोह के सरगना और चोरी का माल खरीदने वाले एक सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व कार्रवाई में करीब 7 लाख 25 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई थी। इस तरह पूरे मामले में अब तक लगभग 94 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

पुलिस को इस गिरोह की जानकारी उस समय मिली थी जब इंदरगंज क्षेत्र के एक मकान मालिक ने घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और लगातार निगरानी के आधार पर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने पहले भी जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया चोरी का माल बरामद किया था। इसमें चांदी, पायजेब, सोने की चेन और अंगूठियां शामिल थीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़