खड़गपुर, 15 जून।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सामेश्वरपुर इलाके में रविवार शाम स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने तृणमूल नेता चंदन दे और पंचायत सदस्य स्वपन विश्वास पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि ये दोनों नेता सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के बदले लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और अनियमितताओं के कारण इलाके की समस्याएं सुलझ नहीं रही थीं। प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण माहौल बन गया और आरोप है कि ग्रामीणों ने नेताओं के घर के सामने सड़े हुए अंडे फेंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों से वसूली गई राशि को वापस करने और सार्वजनिक माफी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक आरोपित नेताओं की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।













