05 जून, नई दिल्ली।
आज वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत सामने आए हैं। पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार मिश्रित परिणामों के साथ बंद हुए थे, वहीं यूरोपीय बाजारों में खरीदारी का रुख देखा गया था। दूसरी ओर, एशियाई बाजारों में आज व्यापक स्तर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है, जिसका असर भारतीय बाजार की धारणा पर भी पड़ सकता है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र में उतार-चढ़ाव रहा, जिसमें डाउ जॉन्स 1.73 प्रतिशत उछलकर 51,561.93 के स्तर पर बंद हुआ और एसएंडपी 500 ने 0.41 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की, जबकि नैस्डेक मामूली 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,830.96 पर बंद हुआ था। आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में 0.08 प्रतिशत की हल्की गिरावट नजर आ रही है। यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र में सकारात्मकता रही, जहां एफटीएसई, सीएसी और डीएएक्स सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए थे।
एशियाई बाजारों की स्थिति आज कमजोर है, जहां नौ में से आठ प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। शंघाई कंपोजिट 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ इकलौता अपवाद है। वहीं, गिफ्ट निफ्टी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,505.50 पर कारोबार कर रहा है। कोस्पी में 4.44 प्रतिशत और जकार्ता कंपोजिट में 2.20 प्रतिशत की भारी गिरावट है। इसके अतिरिक्त निक्केई, हैंग सेंग और ताइवान वेटेड इंडेक्स भी बिकवाली के दबाव में कारोबार करते देखे जा रहे हैं।











