लखनऊ, 05 जून।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज जन्मदिन है। इस विशेष अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह समेत देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके द्वारा राज्य की प्रगति के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने सदैव जन-सामान्य के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए समर्पण भाव से कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने योगी आदित्यनाथ को लोकप्रिय और कर्मठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि योगी के अथक परिश्रम से राज्य आज समृद्धि की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनहित के नए मानदंड तय कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित अनेक नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इन नेताओं ने योगी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए ईश्वर से उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की है।
वर्ष 1972 में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में जन्में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने जन्मदिन पर व्यक्तिगत रूप से कोई समारोह आयोजित नहीं करते। एक कर्मयोगी की भांति वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहते हैं।
हालांकि, उनके समर्थक इस दिन को विशेष रूप से मनाते हैं। लखनऊ, गोरखपुर और अन्य जिलों में समर्थकों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम किए गए हैं, तो कहीं-कहीं भंडारों का आयोजन कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई है।









