दनकौर, 05 जून।
दनकौर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 19 सेकंड की इस क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि कक्षा के भीतर छात्र एक-दूसरे पर हाथापाई कर रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद अन्य छात्र और छात्राएं बीच-बचाव का प्रयास करते नजर आते हैं। मामला गलगोटिया यूनिवर्सिटी से जुड़ा बताया जा रहा है।
वीडियो में स्पष्ट है कि एक बड़े हॉल के अंदर कुछ छात्रों के बीच किसी विषय को लेकर उपजा विवाद अचानक मारपीट में बदल गया। फुटेज में एक छात्रा द्वारा भी एक छात्र को थप्पड़ मारे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इस पूरी घटना ने विश्वविद्यालय परिसर के भीतर सुरक्षा और छात्र अनुशासन के स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे लेकर इंटरनेट पर लोग खासी चर्चा कर रहे हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया है। पुलिस आयुक्त के मीडिया सेल ने पुष्टि की है कि वायरल क्लिप के आधार पर दनकौर पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से संवाद स्थापित किया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस अपनी ओर से मामले की तहकीकात कर आगामी कार्यवाही की दिशा तय कर रही है।












