प्रशासनिक खबरें
12 Jun, 2026

टीकमगढ़ के तालाब में डूबे तीन बच्चे, मुख्यमंत्री ने की 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा

टीकमगढ़ जिले के अस्तोन गांव स्थित तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मृत्यु हो गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीड़ितों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

भोपाल, 12 जून।

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के अस्तोन गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सिद्ध सागर तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और राज्य शासन की ओर से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अस्तोन गांव में दोपहर के समय चार बच्चे खेलते-खेलते सिद्ध सागर तालाब पर पहुंचे थे। भीषण गर्मी के कारण बच्चे तालाब में नहाने उतरे, लेकिन गहरे गड्ढे में फंसने के कारण यह मस्ती दुखद हादसे में बदल गई। मृतकों की पहचान प्रिंस अहिरवार (12), दीपेश अहिरवार (13) और राज अहिरवार (13) के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही मोहल्ले के निवासी और घनिष्ठ मित्र थे।

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में पूर्व में हुए मिट्टी के उत्खनन के कारण बीच हिस्से में 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे बन गए थे। नहाने के दौरान बच्चे खेलते-खेलते इन्हीं गहरे गड्ढों की चपेट में आ गए। आशंका है कि एक बच्चे को बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी डूब गए। हादसे के समय साथ मौजूद चौथा बच्चा, देव अहिरवार (12), सुरक्षित बच गया और उसने गांव जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्तोन चौकी प्रभारी भूपेंद्र अहिरवार ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। शुभ कार्यों का लाभदायक परिणाम होगा। कामकाज की अधिकता रहेगी। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेंगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़