हरिद्वार, 05 जून।
पाकिस्तान से संचालित हवाला नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तराखंड के हरिद्वार में एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस कड़ी में एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़ी गई युवती पूजा का नाम इससे पूर्व गिरफ्तार हुई शिक्षिका सोनम से पूछताछ के दौरान सामने आया था। स्थानीय पुलिस की मदद से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रुड़की स्थित पूजा के आवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार, पूजा एमएससी की छात्रा है और एक शिक्षण संस्थान में कार्यरत है। उसकी सहेली सोनम से हुई दोस्ती के माध्यम से वह उन संदिग्ध युवकों के संपर्क में आई, जिनके तार सीमा पार पाकिस्तान से जुड़ रहे हैं।
जांच में यह तथ्य उभरकर सामने आया है कि ये युवक दोनों शिक्षिकाओं के बैंक खातों का उपयोग धन हस्तांतरण के लिए करते थे। एक-एक कर कई खातों में यह रकम घुमाई जाती थी, जिसके बदले में कमीशन का लालच देकर उन्हें मोहरा बनाया गया।
हवाला के इस जाल का भंडाफोड़ कठुआ जिले में राहुल खान नामक युवक की गिरफ्तारी के बाद हुआ था। राहुल ने सोनम के नाम का खुलासा किया, जिसने पूछताछ में पूजा और उमर नामक व्यक्ति का जिक्र किया।
उमर के जरिए ही ये युवतियां हसीन के संपर्क में आईं, जिसने पार्सल के माध्यम से एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक पासबुक इन तक पहुंचाए थे। सोनम के पास से बरामद दस्तावेजों और सिम कार्डों ने जांच का दायरा पूजा तक फैला दिया।
अब तक की पड़ताल में करीब 20 से 25 खातों में संदिग्ध लेन-देन की बात सामने आई है। सोनम ने करीब 20 लाख रुपये का हेरफेर किया, जिसके बदले उसने दो लाख रुपये का कमीशन कमाया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन रुपयों का अंतिम गंतव्य क्या था और क्या इसका इस्तेमाल किसी देशविरोधी मंसूबे को पूरा करने के लिए किया जा रहा था। इस घटना से हरिद्वार में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।











