अजमेर, 12 जून।
तीर्थनगरी पुष्कर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पवित्र सरोवर के वल्लभ घाट क्षेत्र में एक युवक और एक युवती के शव पानी में तैरते हुए मिले। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को सरोवर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान अजमेर निवासी राज (30) और मोनिका (25) के रूप में हुई है। पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 6 बजे मिली थी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं, जिसमें प्रेम प्रसंग और आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। इस घटना ने पूरे तीर्थनगरी में शोक की लहर पैदा कर दी है।













