जम्मू, 12 जून।
क्राइम ब्रांच ने जालसाजी के एक बड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए प्रवीन सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की है। रिहाड़ी कालोनी निवासी आरोपी पर गंभीर आरोप है कि उसने जमीन का सौदा करने के नाम पर एक व्यक्ति को विश्वास में लेकर बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने जमीन दिलाने का वादा कर उससे मोटी रकम ऐंठी थी। सौदे की बकाया राशि चुकाने के लिए आरोपी ने उसे 10 लाख रुपये का एक चेक सौंपा था। जब पीड़ित ने चेक को बैंक में भुगतान के लिए प्रस्तुत किया, तो बैंक ने उसे यह कहकर खारिज कर दिया कि उस पर किए गए हस्ताक्षर खाताधारक के असली हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते हैं।
मामले की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वह चेक आरोपी का अपना नहीं था, बल्कि कथित तौर पर उसके एक पूर्व कर्मचारी के खाते से जारी किया गया था। आरोप है कि यह चेक कर्मचारी की जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल किया गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि कर्मचारी की नौकरी के दौरान ही उसकी चेकबुक कहीं खो गई थी, जिसका गलत फायदा उठाकर आरोपी ने जालसाजी को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की स्पेशल क्राइम विंग ने प्राथमिक जांच शुरू की। जांच के दौरान धोखाधड़ी और जालसाजी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी प्रवीन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब घटनाक्रम की गहन छानबीन की जा रही है।












