शिमला, 05 जून।
राजधानी शिमला के ठियोग इलाके में सेब के बागीचों की आड़ में चल रहे नशे के अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने झल्ली गांव स्थित एक बागीचे में छापेमारी कर 1,155 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने बागीचे के मालिक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बागीचे में इन पौधों की देखरेख कर रहा था और पूछताछ में खेती के लिए कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बीते दो जून को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर उपमंडल ठियोग के जैस डाकघर के अंतर्गत झल्ली गांव में पुलिस टीम ने औचक दबिश दी। तलाशी के दौरान सेब के पेड़ों के बीच छिपाकर उगाई जा रही अफीम की खेती का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर ही सभी पौधों को उखाड़कर कब्जे में ले लिया और उनकी विधिवत गिनती की।
पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी सुनील कुमार (37) को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया था। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती का कारोबार कब से चल रहा था और क्या इसके पीछे किसी बड़े ड्रग नेटवर्क या अन्य लोगों का हाथ है।
यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि बागीचों में सेब की आड़ में इस तरह के गैर-कानूनी कदम उठाए जा रहे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस तरह की और भी जगहों पर अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही है। इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाने के संकेत दिए गए हैं ताकि नशे के इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।















