सिलीगुड़ी, 05 जून।
नक्सलबाड़ी थाना अंतर्गत पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान स्थानीय स्टेशन पाड़ा निवासी सूरज शर्मा और सुजय पाल के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि मादक पदार्थों के एक अड्डे से दो संदिग्ध युवक निकल रहे हैं। इस गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एशियन हाईवे स्थित बेंगाइजोत इलाके में घेराबंदी की। जांच के दौरान दोनों युवकों के पास से कुल 26 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ, जिसमें प्रत्येक के पास 13-13 बोतलें थीं।
बरामदगी के तत्काल बाद पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के गंभीर आरोपों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए गहन जांच प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।











