नोएडा, 05 जून।
नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित लोहारली टोल प्लाजा पर दबंगई का एक हैरान करने वाला मामला प्रकाश में आया है।
टोल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि एक दबंग व्यक्ति के प्रभाव वाले आठ कमर्शियल वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क देने के बजाय सीधे बैरियर तोड़कर अपने वाहन वहां से निकाल लिए।
इस खतरनाक कृत्य से मौके पर तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज मिश्रा ने बताया कि टोल मैनेजर रजनीकांत द्विवेदी ने थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम बील अकबरपुर निवासी अमित भाटी और उनके सहयोगियों के वाहनों द्वारा लगातार नियम तोड़े जा रहे हैं।
आरोपितों के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण न केवल भारत सरकार के राजस्व को निरंतर नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि टोल प्लाजा की संपत्ति को भी भारी आर्थिक क्षति हो रही है।
मैनेजर के अनुसार, इन लोगों के खिलाफ पूर्व में भी कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है, परंतु ये अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
बीती रात आरोपितों ने अत्यंत तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया। इस पूरी घटना की फुटेज टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी है।











