लखनऊ, 05 जून।
राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अपराधी घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए पीजीआई स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उसके फरार साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 31 मई को पीड़िता तेलीबाग से अपने घर लौट रही थी। तेलीबाग चौराहे से उसने एक ई-रिक्शा लिया था। मदापुर चौराहे पर अन्य सवारियों के उतर जाने के बाद चालक और उसके एक साथी ने पीड़िता को सुनसान इलाके में ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन छानबीन की। इस तकनीकी जांच के बाद ऑटो चालक की पहचान रंजीत खेड़ा निवासी उपदेश लोधी उर्फ गहना के रूप में हुई। पुलिस तभी से उसकी धरपकड़ के प्रयास में जुटी हुई थी।
गुरुवार रात पुलिस का चेकिंग अभियान चल रहा था, तभी सटीक सूचना मिलने पर टीम ने जंगल मंगल तिराहे के पास आरोपित को घेर लिया। खुद को घिरता देख उपदेश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। आरोपित के पास से एक तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल उसके दूसरे साथी की तलाश में दबिश दे रही है।










