गोड्डा, 05 जून।
गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में एनएच-133 स्थित गम्हरिया पुलिया के पास शुक्रवार की सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान मोहम्मद जुल्फिकार के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों ने इस मामले को उलझा दिया है। जहां एक ओर पुलिस इसे संदिग्ध मानकर जांच कर रही है, वहीं परिजन इसे सुनियोजित हत्या करार दे रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि जुल्फिकार गुरुवार शाम घर से जयपुर जाने के लिए रांची बस पकड़ने निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। शुक्रवार सुबह गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक डोभा के पास उसका शव पेड़ से झूलता मिला।
चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक का बैग और कपड़े डोभा में पड़े थे और शव सिर्फ अंडरवियर में था, जिससे हत्या की आशंका को बल मिल रहा है। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की।
एसडीपीओ वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उमेश महतो और महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भिजवा दिया है।
परिजनों का दावा है कि जुल्फिकार के शरीर और पैरों पर चोट के गंभीर निशान हैं, जो उसकी बेरहमी से पिटाई की ओर इशारा करते हैं। उनका आरोप है कि कातिलों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ से लटकाया है।
जुल्फिकार अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।






.jpg)







