सुलतानपुर, 24 मार्च।
सुलतानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक पति ने बच्चाें के सामने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेवरा चरथई गांव में रहने वाला नक्छेद (45) अपनी पत्नी कुसुम (42) और बच्चों के साथ रहता था। बड़ा बेटा तिलक राज (22) पंजाब में नौकरी करता है, जबकि नक्छेद मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी कुसुम के फोन का जवाब न देने पर नक्छेद नाराज हो गया और रात में घर लौटकर बच्चों के सामने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।
बेटी दीक्षा ने बताया कि पिता ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद वे रात को पड़ोस में रहने वाली बड़ी मम्मी के घर रुके। सुबह लौटने पर नक्छेद ने डंडे से पत्नी पर प्रहार करना जारी रखा। पड़ोसियों की मदद से घायल कुसुम को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और एसएचओ अंजू मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपित नक्छेद ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने मारपीट की थी, लेकिन पत्नी की मौत का अंदाजा नहीं था। मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता गांजा का सेवन करते थे। पुलिस ने बच्चों के बयान दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।












