जींद, 08 मई
सदर थाना सफीदों पुलिस ने एक महिला के पेट पर लात मारकर गर्भपात कराने और घर से निकालने के मामले में पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
सफीदों खंड के गांव मुआना निवासी रेखा ने जानकारी देते हुए बताया कि उसकी शादी पेहवा निवासी राजेश से हुई है। उसने आरोप लगाया कि पति और ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित करते आ रहे थे, जिसको लेकर पहले भी पेहवा थाने में शिकायत दी गई थी। बाद में माफी और समझौते के बाद यह आश्वासन दिया गया था कि आगे कोई परेशान नहीं करेगा।
पीड़िता के अनुसार फरवरी माह में उसने अपने पति को एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद 16 फरवरी को पति और ससुराल पक्ष ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने का प्रयास किया। आरोप है कि उसे गर्भपात की दवाएं खाने के लिए मजबूर किया गया और मना करने पर उसके पेट पर लातें मारी गईं, जिसके बाद उसका गर्भपात हो गया।
महिला ने यह भी बताया कि इस घटना के बाद मामला दोबारा पेहवा थाने पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में आरोपियों ने उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया तथा वापस आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सदर थाना सफीदों पुलिस ने रेखा की शिकायत पर पति राजेश, देवर सुरेश और मुकेश के खिलाफ मारपीट, गर्भपात कराने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









.jpg)

.jpg)