बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरवा फत्तेमहमद गांव में शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे एक किराना दुकान और व्यवसायी के घर में लगी भीषण आग ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार राजकुमार गुप्ता की किराना दुकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसकी लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी घटना में व्यवसायी राजकुमार साह के पुत्र रौद्र कुमार (08 वर्ष), पुत्री सृष्टि कुमारी (10 वर्ष) और भंगहा गांव निवासी सुजय कुमार सिंह के पुत्र तथा ग्रामीण कर्मी प्रिंस कुमार (28 वर्ष) की जलकर मौत हो गई।
घटना के समय व्यवसायी अलग कमरे में सो रहे थे, बच्चे अलग कमरे में थे और दुकान का कर्मी भी अलग स्थान पर विश्राम कर रहा था। इसी दौरान भूतल पर स्थित दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जो तेजी से पूरे घर में फैल गई।
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि इस दौरान एक गैस सिलिंडर भी विस्फोट कर गया, जिससे लपटें और भी विकराल हो गईं। इस घटना में पड़ोसी रवींद्र कुमार की दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं आग बुझाने के प्रयास में पड़ोसी विजय बैठा भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने अग्निशमन दल की मदद से शवों को बाहर निकाला। बताया गया कि राजकुमार साह उसी दिन अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी से दोनों बच्चों के साथ घर लौटे थे। आग लगने के बाद उन्होंने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
लपटों से बुरी तरह झुलसने के बाद वे प्रथम तल से नीचे कूद गए, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस मौके पर कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रही है और नुकसान का आकलन जारी है।



.jpg)






.jpg)
