पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु क्षेत्र में शुक्रवार रात सेल के क्वार्टर में रह रहे एक ठेका मजदूर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल छा गया।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय बालाजी शर्मा उर्फ बाला के रूप में हुई है, जो मेघाहातुबुरु स्थित सेल क्वार्टर संख्या 12/5 ए-टाइप में रहता था। परिजनों ने बताया कि बीते दो दिनों से वह मानसिक तनाव में था और बेहद परेशान दिखाई दे रहा था। इस दौरान उसने घर से बाहर निकलना भी लगभग बंद कर दिया था और भोजन-पानी भी कम कर दिया था।
शुक्रवार रात लगभग नौ बजे वह घर के एक कमरे में चला गया और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। उस समय घर में उसकी मां और बहन मौजूद थीं। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों को आशंका हुई। मां ने खिड़की से अंदर झांका तो बेटे को फंदे से लटका देख चीख उठी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया। तत्काल उसे इलाज के लिए किरीबुरू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाला स्वभाव से मिलनसार और मददगार व्यक्ति था, जो हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं और वह घर का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा आत्महत्या के कारणों को समझने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।










.jpg)
