कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड अंतर्गत टेहरो पंचायत स्थित नंदूडीह गांव में शुक्रवार देर रात वज्रपात की भयावह घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में गहरा शोक फैल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार रात के समय परिवार के सदस्य अपने घर में मौजूद थे, तभी अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे घर पर गिर गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
इस घटना में प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (42), उनका पुत्र अंकित कुमार (12) और फुआ मुन्द्रिका देवी (60) गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया और लोग स्तब्ध रह गए।
ग्रामीणों के अनुसार यह घटना अचानक इतनी तेजी से घटी कि किसी को संभलने या बचाव का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
शनिवार को तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।









.jpg)
