नवादा, 09 मई
बिहार के नवादा जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पथरा इंग्लिश स्थित गोंदी पहाड़ी तालाब से 14 वर्षीय स्कूली छात्र वंशराज का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस पूरे मामले में स्कूल संचालक और छात्र के कुछ दोस्तों पर भी संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि किशोर की आंखें फोड़ने के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया।
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा एक दिन से स्कूल से लापता था और उसका बैग स्कूल में ही पड़ा मिला, लेकिन स्कूल प्रशासन की ओर से इसकी कोई सूचना परिजनों को नहीं दी गई। जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कुछ छात्रों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
इसके बाद शनिवार को गांव के तालाब में बच्चे का शव मिलने से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। शव पर आंखें फोड़ने और धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, नवादा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



.jpg)






.jpg)
