पलामू 09 मई।
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़गांव पुलिया के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बारातियों से भरी यात्रा के दौरान चार लोग 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से एक बस में सवार होकर बाराती चतरा जिले के रिमी रामपुर और लावालौंग के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गढ़गांव पुलिया के पास सड़क पर झूल रहे हाई वोल्टेज तार से बस का संपर्क हो गया, और हादसा हो गया। घटना के समय चार युवक बस की छत पर बैठे हुए थे, जो करंट लगने से बुरी तरह झुलस गए।
घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव और बिनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
इलाके के लोगों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं, लेकिन उनकी मरम्मत या सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने झूलते तारों की जल्द मरम्मत की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।










.jpg)
