मैहर, 08 मई।
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हाईवे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शिवराज ट्रांसपोर्ट की बस मैहर से कटनी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस खेरवा सानी टोल प्लाजा से लगभग 300 मीटर आगे पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। अचानक हुए हादसे के कारण यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमदरा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमदरा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने बस को हटवाकर सामान्य करा दिया।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


