इंदौर, 08 मई।
इंदौर शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को बिना वैध पंजीयन एवं गंदगी के बीच संचालित एक कुल्फी निर्माण इकाई पर बड़ी कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने धार रोड स्थित माँ इंटरप्राइजेज पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर विष्णु सुथार को परिसर में कुल्फी निर्माण कार्य करते हुए पाया गया। मौके पर “बॉम्बे चौपाटी” ब्रांड की विभिन्न फ्लेवर वाली आइसक्रीम एवं फ्रोजन डेजर्ट को कोल्ड रूम में संग्रहित पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान के पास कोई वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन उपलब्ध नहीं था। खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा पुराने पते का पंजीयन प्रस्तुत किया गया, जो केवल स्टोरेज के लिए मान्य था, जबकि वर्तमान परिसर में निर्माण, व्यापार और भंडारण तीनों गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। खाद्य सामग्री को संभालने वाले कर्मचारी बिना कैप, एप्रन और दस्तानों के कार्य करते पाए गए। निर्माण स्थल पर गंदगी पाई गई तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी अनुपलब्ध थे। कुल्फी के सांचे फर्श पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा था और कच्चा माल अव्यवस्थित रूप से खुले में रखा हुआ था। मौके से कुल 8 नमूने कुल्फी एवं फ्रोजन डेजर्ट के जांच हेतु लिए गए। बिना वैध लाइसेंस संचालन पाए जाने पर प्रारंभिक प्रकरण दर्ज कर परिसर में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बियाबानी धार रोड स्थित पंकज आइस कैंडी का भी निरीक्षण किया, जहां विभिन्न प्रकार की आइस कैंडी एवं फ्रोजन डेजर्ट का निर्माण पाया गया। यहां से आइस कैंडी के 3 तथा फ्रोजन डेजर्ट के 2 नमूने जांच हेतु लिए गए।
कलेक्टर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर राधिका फरियाली एंड सैंडविच का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं कीट नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा साबूदाना खिचड़ी का एक नमूना राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। इसी तरह शिकायत के आधार पर श्री साईं डोसा भवन का निरीक्षण किया गया, जहां इडली एवं चटनी के दो नमूने जांच हेतु लिए गए।
रूटीन जांच और शिकायतों के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए। चाइनीज वोक से सॉस एवं पनीर के 2 नमूने, एशिया 7 से हक्का नूडल्स का नमूना, मोम स्टेशन जूस से पाइनएप्पल एवं मिक्स फ्रूट जूस के 2 नमूने, ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड विजय नगर से गंगवाल सूजी एवं मैदा के 2 नमूने तथा चटपटा समोसा का 1 नमूना लिया गया। इसके अलावा 6 मई 2026 को फ्रायो डीप से फ्रोजन डेजर्ट प्रीमिक्स पाउडर, चॉकलेट वर्मीसेली एवं ग्रीक योगर्ट के 3 नमूने तथा डॉक्टर जोश से पाइनएप्पल जूस एवं सैंडविच के 2 नमूने जांच हेतु लिए गए।
पालदा स्थित क्वालिटी केला कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण भी किया गया, जहां फलों को पकाने के लिए अनुमत रसायनों के उपयोग की स्थिति पाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






.jpg)

.jpg)


