भोपाल, 07 मई।
राजधानी भोपाल के 7 नंबर बस स्टॉप स्थित सागर गैरे आउटलेट में भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा और अभिहित अधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच टीम को खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आने पर संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने संचालक को 14 दिनों के भीतर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले के सभी प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)




