हरदा, 6 मई।
गेहूं खरीदी में लगातार हो रही देरी से नाराज किसानों ने बुधवार को नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों का आक्रोश पिछले कई दिनों से उपज की तुलाई न होने के कारण बढ़ गया था। दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे बड़ी संख्या में किसान पलासनेर समिति के अंतर्गत मां अमृता वेयरहाउस पहुंचे और वहां से स्टेट हाईवे पर आकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि वे पिछले 9 से 10 दिनों से अपनी गेहूं उपज लेकर खरीदी केंद्र पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक तुलाई शुरू नहीं हो सकी है। खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक होने के बावजूद प्रक्रिया में देरी से आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ रही है।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि स्लॉट बुकिंग, परिवहन व्यवस्था और वेयरहाउस प्रबंधन में गंभीर अव्यवस्थाओं के कारण खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मौके पर सूचना मिलने पर एसडीएम पहुंचे और किसानों से बातचीत कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि हम्मालों की कमी के कारण तुलाई में बाधा आ रही है, जिसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद शुभम वेयरहाउस पर गेहूं खरीदी प्रक्रिया शुरू कराई गई, जिसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम खोल दिया।
इस दौरान कई किसान नेताओं ने मौके पर पहुंचकर किसानों की मांगों का समर्थन किया और खरीदी व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।



.jpg)





.jpg)



