नेपाल
09 May, 2026

नेपाल में सीमा शुल्क कार्यालय बंदी पर बवाल, बरियारपट्टी में विरोध प्रदर्शन तेज

नेपाल के सिरहा जिले के बरियारपट्टी में सीमा शुल्क कार्यालय बंद करने के फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम और आंदोलन तेज कर दिया।

काठमांडू, 09 मई

नेपाल के सीमावर्ती सिरहा जिले के बरियारपट्टी क्षेत्र में स्थित छोटी सीमा शुल्क चौकी को बंद किए जाने के फैसले के विरोध में स्थानीय लोग, व्यापारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सड़कों पर उतर आए हैं। इसके विरोध में हुलाकी राजमार्ग पर रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी हुआ।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा इस सीमा शुल्क कार्यालय को बंद करने का निर्णय गलत है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापार, राजस्व संग्रह और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस फैसले को वापस लेने की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

आंदोलन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मधेश प्रदेश के एक विधायक एवं पूर्व मंत्री ने कहा कि राज्य की आय का प्रमुख आधार राजस्व संग्रह है और इसे सुचारु रूप से संचालित करना सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही नागरिकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना भी राज्य का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि बरियारपट्टी क्षेत्र जनसंख्या और व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से तेजी से विकसित हो रहा है। यदि यहां सीमा शुल्क व्यवस्था को सही ढंग से संचालित किया जाए तो यह क्षेत्र अन्य सीमावर्ती नाकों की तुलना में अधिक राजस्व देने वाला केंद्र बन सकता है।

विधायक ने सरकार के इस निर्णय को राजनीतिक प्रतिशोध और गलत नीति करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की सेवा बढ़ाने के बजाय उसे सीमित किया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के फैसले से क्षेत्रीय लोग प्रभावित हो रहे हैं और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर और बाजार बंद रखकर विरोध जारी रखा। छात्र नेता और स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि दिनभर बाजार बंद रहेगा और शाम को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही रविवार से अनिश्चितकालीन आम हड़ताल की तैयारी को लेकर चर्चा की जाएगी।

शनिवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने बरियारपट्टी चौक पर सड़क के बीच अवरोध लगाकर हुलाकी राजमार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इस मार्ग पर आवाजाही ठप होने से यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़