खजुराहो 09 मई।
छतरपुर जिले में झांसी-खजुराहो फोरलेन पर शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब बमीठा थाना क्षेत्र के देवगांव टोल प्लाजा पर डस्ट से भरे एक डंपर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर हो गई और वाहन तेजी से जलने लगा।
जानकारी के अनुसार डंपर क्रमांक एमपी 16ZF8199 बमीठा से छतरपुर की ओर जा रहा था और सुबह लगभग 8 बजे जैसे ही यह टोल प्लाजा पर पहुंचा, उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।
आग लगते ही चालक ने केबिन में मौजूद कंबल से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैलती देख उसने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आग ने कुछ ही देर में पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना का असर टोल प्लाजा पर भी पड़ा, जहां सेंसर बैरियर और टोल बूथ तक आग की लपटों से प्रभावित हो गए। अनुमान के अनुसार टोल प्रबंधन को इस हादसे में लगभग 2 से 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
डंपर में डस्ट भरी होने के बावजूद आग ने पूरी तरह वाहन को जला दिया और वह कुछ ही समय में खाक हो गया। आगजनी के दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठे, क्योंकि सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद दमकल दल मौके पर पहुंच सका और तब जाकर आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा और आग बुझाने की व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई।
लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण होना आवश्यक है, लेकिन मौके पर इसकी कमी के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर होती रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।



.jpg)








.jpg)