मध्य प्रदेश
09 May, 2026

इटारसी ढाबे पर सिगरेट विवाद में खूनी संघर्ष, नगर पालिका सभापति के बेटे पर जानलेवा हमला

इटारसी में फोरलेन हाईवे स्थित ढाबे पर सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने नगर पालिका सभापति के बेटे और कर्मचारी पर चाकू-लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।

इटारसी 09 मई।

नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात फोरलेन हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और खूनी संघर्ष की घटना सामने आई। सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद 4 से 5 बदमाशों ने नगर पालिका सभापति मीरा यादव के पुत्र आकाश यादव तथा ढाबे के कर्मचारी तुलसी अहिरवार पर चाकू और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।

घटना रात लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है। हमले में आकाश यादव के चेहरे पर कान से लेकर मुंह तक गंभीर चोटें आईं और स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक के अनुसार चेहरे पर गहरा घाव होने के कारण करीब 12 से 15 टांके लगाए गए हैं। वहीं कर्मचारी तुलसी अहिरवार की जांघ और कूल्हे पर चाकू से वार किए गए तथा लाठियों से पिटाई के चलते उन्हें अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों में मिंटू और शंभू सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिनमें से मिंटू नगर पालिका में सफाई कर्मचारी है। बताया गया है कि एक दिन पहले भी इसी ढाबे पर आकाश यादव और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है।

पीड़ित आकाश यादव के अनुसार सिगरेट मांगने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक हमले में बदल गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाईवे किनारे ढाबों पर रात के समय होने वाली गतिविधियों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल अस्पताल में भर्ती पीड़ितों ने विस्तृत बयान देने से इनकार किया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़