पूर्वी सिंहभूम 09 मई।
पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब परिसर के भीतर एक नाबालिग का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने शव की स्थिति और शरीर पर दिख रहे निशानों को देखते हुए आशंका जताई कि नाबालिग के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य शनिवार सुबह केंद्र पहुंची थीं। उसी दौरान उनकी नजर परिसर में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी नाबालिग पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों और परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही मौके से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद ग्रामीणों के बीच दुष्कर्म और हत्या की चर्चा और तेज हो गई। फिलहाल नाबालिग की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अन्य थानों को भी तस्वीर और पहचान संबंधी जानकारी भेजी जा रही है ताकि शिनाख्त जल्द हो सके।
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।










.jpg)
