नेपाल के बांके जिले में शनिवार को दो भारतीय युवकों को अवैध भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से लगभग छह लाख रुपये मूल्य के नकली या अवैध भारतीय नोट बरामद किए हैं।
जिला प्रहरी कार्यालय बांके के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 29 वर्षीय बीरबल कुमार और 38 वर्षीय मुनीब खान के रूप में हुई है। दोनों को विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों युवक ऑटो-रिक्शा से नरैनापुर की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से ₹500 और ₹1000 के नोटों की बड़ी मात्रा बरामद हुई, जिन्हें अवैध बताया गया है।
बरामद की गई रकम को आगे की प्रक्रिया के लिए आंतरिक राजस्व कार्यालय कोहलपुर को सौंप दिया गया है। वहीं दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह मामला हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।












.jpg)