गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल में शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को शनिवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शीशपाल (25) और इंद्रपाल (50) की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। दोनों हॉस्टल निर्माण स्थल पर माली का काम करने आए थे। उनके साथ अभिषेक (14) भी कार्य के लिए आया था, जो घटना के बाद से फरार था और मुख्य आरोपी माना जा रहा था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अभिषेक ने दोनों की हत्या फावड़े से की और मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी और आज सुबह सूचना मिली कि वह रेलवे लाइन के पास छिपा हुआ है। घेराबंदी के दौरान जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और उसे पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक शीशपाल ने उसकी बहन के बारे में अपमानजनक शब्द कहे थे। उसने यह भी बताया कि मृतक के उसकी नाबालिग बहन से संबंध थे और उसकी बहन की वर्ष 2023 में मृत्यु हो चुकी थी।
घटना के दिन शराब के सेवन के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने दोनों को अधिक शराब पिलाई और जब वे बेहोश हो गए तो फावड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की जांच जारी है।











.jpg)