नई दिल्ली, 09 मई
पटना में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती के चौथे चरण का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरकार बेरोजगार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग कर रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस घटना का एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अधिकार की मांग कर रहे शांतिपूर्ण अभ्यर्थियों के साथ पुलिस ने अत्यंत कठोर व्यवहार किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित सरकारों में बेरोजगार युवाओं के सवालों का जवाब केवल दमन और लाठीचार्ज के रूप में दिया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, जिसका सबसे अधिक असर बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लाखों युवा शिक्षा और योग्यता के बावजूद रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रति उदासीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब युवा अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो उन्हें समाधान के बजाय दमन का सामना करना पड़ता है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि युवा अब झूठे वादों से तंग आ चुके हैं और अपनी आवाज और अधिक मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में युवाओं के साथ खड़ी रहेगी और उनके रोजगार अधिकारों की लड़ाई में समर्थन देती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया और लाठीचार्ज की घटना सामने आई, जिसके बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।









